गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित रेड एपल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए 20 ओवर के मुकाबले में गिल्टज टीम ए ने फैंटम स्टार्स को सात विकेट से हरा दिया। फैंटम स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में गिल्टज टीम ए ने 16.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फैंटम स्टार्स की ओर से अमन शर्मा ने 21 गेंदों पर 36 रन और अंकित ने 22 गेंदों पर 35 रन बनाए। गिल्टज टीम ए की ओर से मानस ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि सुशील जैन ने दो ओवर में 17 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गिल्टज टीम ए की शुरुआत अच्छी रही। मानस ने 43 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन की शानदार पारी खेली। मोहित राठी ने महज 10 गेंदों पर 30 रन बनाए, जबकि कार्तिक त्यागी 28 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम ने 16.1 ओवर में 174 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की। गेंदबाजी में तीन विकेट लेने के बाद बल्लेबाजी में 72 रन की नाबाद पारी खेलने वाले मानस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।