गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में उधार लिए 8.50 लाख रुपये न लौटने पड़े इसलिए मामा पवन शर्मा ने अपने बेटे के साथ मिलकर भांजे दर्शन शर्मा को जलाकर मार डाला। रुपये लौटने के बहाने मामा ने भांजे को दिल्ली से मुरादनगर बुलाया था और उस पर पेट्रोल डालकर आग दी थी।
घटना पांच दिन पूर्व की है। पांच दिन इलाज के बाद भांजे ने दिल्ली के अस्पताल में शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। दर्शन शर्मा की बहन की तहरीर पर पुलिस ने मामा और उसके बेटे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। दिल्ली के बुराड़ी स्थित प्रधान इंक्लेव कॉलोनी निवासी दर्शन शर्मा (30) पुत्र शिवकुमार शर्मा नोएडा में टूल एंड डाईमेकर का व्यापार करते थे।
पुलिस ने बताया कि 10 अक्तूबर को दर्शन शर्मा मुरादनगर के जलालाबाद गांव में अपने मामा पवन शर्मा के पास आया था। उसी दिन संदिग्ध हालात में दर्शन शर्मा आग से जल गया था। उसे गंभीर हालात में स्थानीय अस्पताल से दिल्ली रेफर किया गया था। शुक्रवार सुबह दर्शन शर्मा की अस्पताल में मौत हो गई।
दर्शन की बहन सीमा शर्मा निवासी नोएडा ने बताया कि नौ साल पहले दर्शन ने अपने मामा पवन शर्मा निवासी जलालाबाद गांव मुरादनगर को 8.50 लाख रुपये उधार दिए थे। दर्शन ने मामा से कई रुपये लौटाने के लिए कहा, लेकिन उसे रकम नहीं मिली।