लोनी। ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र के गढ़ी कटैया अंडरपास के नजदीक शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोस्त ने दोस्त ने सिर में डंडा मार कर दिलीप कुमार की हत्या कर दी। दोनों अंडरपास के करीब कचौड़ी-ब्रेड की दुकान पर काम करते थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई तो आरोपी को हिरासत में लेकर अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी है। अभी आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है।
मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिलीप कुमार (44) लोनी के गढ़ी कटैया अंडरपास स्थित रोहित चौधरी की कचौड़ी-ब्रेड दुकान पर काम करते थे। दुकान पर दिलीप और उसका दोस्त जनपद शाहजहांपुर के कस्बा तिलहर निवासी युवक भी काम करता था। दिलीप 15 दिन पहले ही काम पर आए थे। दोनों रात में दुकान पर ही सोते थे। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि दुकान मालिक रोहित चौधरी ने पूछताछ में बताया कि बुधवार रात वह अपने घर चले गए और दोनों को वहीं छोड़ गए थे। दिलीप की कुछ दिन में ही आरोपी कर्मचारी से दोस्ती हो गई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि देर रात में दुकान से कुछ दूरी पर दिलीप और उसका दोस्त शराब पीने लगे। उसी दौरान दोनों में विवाद हुआ और मारपीट के दौरान आरोपी दोस्त के दिलीप के सिर पर डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घटना की सूचना रोहित को मिली तो वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन बजे सूचना पर घायल दिलीप कुमार को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थी। एसीपी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। परिवार के लोग लोनी पहुंचकर शिकायत देंगे तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।