गाजियाबाद। डासना गेट स्थित चौपला मंदिर के पास सोमवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान में रखे गैस सिलिंडरों तक आग पहुंचने का खतरा था। दमकलकर्मियों ने सबसे पहले दुकान का ताला तुड़वाकर अंदर रखे गैस सिलिंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आसपास की मिठाई समेत अन्य दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं। हालांकि, दुकान में रखा काफी सामान जल गया।
सीएफओ सौरभ सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे डासना गेट स्थित चौपला मंदिर के पास एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। अग्निशमन अधिकारी दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान में दोने-पत्तल और अन्य सामान काफी मात्रा में रखा था। दुकान पर ताला लगा हुआ था। आसपास कई दुकानें होने के कारण आग फैलने का खतरा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकान मालिक मुकेश गर्ग की मौजूदगी में ताला तुड़वाया गया।
दमकलकर्मियों ने सबसे पहले दुकान में रखे गैस सिलिंडरों को बाहर निकाला। इसके बाद होज पाइप की मदद से पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।