गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर वेव सिटी के सामने फुट ओवरब्रिज के निर्माण के चलते 29 सितंबर की रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक छह घंटे यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान एनएच-9 का मुख्य मार्ग दोनों दिशाओं में पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के लिए डायवर्जन लागू किया है।
तय समयावधि में गोल्फ लिंक सोसायटी से वेदांत फार्म तक एनएच-9 का मुख्य मार्ग बंद रहेगा। दिल्ली-गाजियाबाद से हापुड़ जाने वाले वाहन गोल्फ लिंक सोसायटी के सामने से सर्विस रोड का प्रयोग कर आगे जा सकेंगे। हापुड़ से दिल्ली-गाजियाबाद आने वाले वाहन वेदांत फार्म के सामने से डीएमई पर प्रवेश करेंगे और एबीईएस के पास बाहर निकलकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, फुट ओवरब्रिज का निर्माण सुरक्षित तरीके से पूरा कराने के लिए मार्ग बंद किया जा रहा है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे डायवर्जन का पालन करें और निर्माण स्थल के आसपास सावधानी बरतें। यातायात संबंधी सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष के नंबर 9643322904 पर संपर्क किया जा सकता है।