मोदीनगर। गैस सिलेंडर न मिलने पर गैस एजेंसी के कार्यालय पर हंगामा करते लोग। संवाद
मोदीनगर। एलपीजी सिलिंडर को लेकर उपभोक्ताओं की समस्या बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद भी घरेलू सिलिंडर न देने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को गैस एजेंसी के कार्यालय पर हंगामा किया। तहसीलदार ने आपूर्ति विभाग के साथ गैस एजेंसी के गोदाम पर छापा मारा।
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मोदी मंदिर के सामने स्थित धीरेंद्र गैस एजेंसी के कार्यालय पर शुक्रवार को उपभोक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी उन्हें गैस सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। कस्बा रोड निवासी मनोज कुमार ने बताया कि लगभग दस दिन पूर्व ऑनलाइन गैस बुकिंग की थी। मगर उन्हें अभी तक सिलिंडर नहीं मिला। इसके अलावा गांव फफराना के रहने वाले सचिन कुमार ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पूर्व ऑनलाइन घरेलू गैस बुक की थी लेकिन उन्हें अभी तक भी सिलिंडर नहीं मिला। कई बार एजेंसी कर्मचारियों से जानकारी की गई मगर उन्हें कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। उधर, तहसीलदार रजत सिंह ने आपूर्ति विभाग के साथ गैस एजेंसी के गांव मानकी स्थित गोदाम पर छापा मारा। टीम ने गोदाम से रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। तहसीलदार रजत सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।