साहिबाबाद। लोनी के मुस्तफाबाद निवासी व्यापारी मनीष की गाड़ी पर छह अक्तूबर को अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। व्यापारी ने पुलिस को दी तहरीर में अगवा करके ले जाने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने नौ नवंबर की रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में मनीष ने बताया कि छह अक्तूबर की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने रिश्तेदार के साथ गाड़ी से जा रहे थे। जब उनकी कार हिंडन एयरफोर्स के पास पहुंची, तभी एक एसयूवी कार ने ओवरटेक करके उनकी गाड़ी रोक ली। एसयूवी से दो लोग रॉड लेकर उतरे और उन्हें कार से बाहर खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने कार में सवार होने का भी प्रयास किया। विफल होने पर उन्होंने रॉड से उन पर हमला कर दिया। साथ में मौजूद रिश्तेदार ने बचना चाहा लेकिन आरोपी उन पर भी हमलावर हो गए। मनीष ने बताया कि आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट के दो नंबर छिपा दिए थे। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध कार दिखाई दी है, जिसे ट्रेस किया जा रहा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।