गाजियाबाद। साहिबाबाद के पास मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से अब व्यवस्था पटरी पर आ गई है। रविवार को गाजियाबाद से चलने वाली सभी लोकल ट्रेनों को बहाल कर दिया गया है। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली।
हालांकि लंबी दूरी की कई ट्रेनें दो से तीन घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। लोकल ट्रेनों के बहाल होने के चलते अब दिल्ली, खुर्जा, अलीगढ़ समेत अन्य स्थानों पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। अलीगढ़ से गाजियाबाद आकर कार्य करने वाले प्रमोद गुप्ता ने बताया कि वह लोकल ट्रेन के सहारे गाजियाबाद रोजाना सफर करते थे। हादसे के बाद से शनिवार तक लोकल ट्रेनों का संचालन नहीं होने के चलते उन्हें बस और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था, लेकिन अब व्यवस्था बहाल होने के बाद अब काफी हद तक यात्रियों को राहत मिलेगी।
-
हादसे की हो रही है जांच : रेलवे अधिकारियों के अनुसार दिल्ली-साहिबाबाद मार्ग पर मालगाड़ी के वैगन बेपटरी होने के मामले में रेलवे की टीम अभी भी जांच कर रही है। हादसे के बाद जांच के लिए रेलवे की ओर से इसके लिए टीम का गठन किया गया था। वहीं युद्ध स्तर पर ट्रैक की मरम्मत कराने के लिए भी कर्मचारियों को लगाया गया था। रविवार को ट्रैक को पूरी तरह से जांच के बाद बहाल कर दिया गया। इसके बाद लोकल ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है।