साहिबाबाद। बढ़ती गर्मी के साथ जिले में आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासकर बिल्डर फ्लोर में शॉर्ट सर्किट से आग जानलेवा साबित हो रही है। कुछ दिनों में खोड़ा, बृजविहार, इंदिरापुरम और शालीमार गार्डन में बिल्डर फ्लोर में आग हादसे में चार लोगों की जान जा चुकी है। बड़ी बात यह है कि कई जगहों पर आग के साधारण इंतजाम तक नहीं है। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि आग से बचाव के इंतजाम स्वयं करने होंगे।
अहम बात यह है कि बिल्डर फ्लोर में आग से बचाव के इंतजाम नाकाफी है। दमकल उपकरणों की बात तो दूर कई इमारतों में सैकड़ों लोग रहने के बावजूद इमरजेंसी गेट तक नहीं थे और लोग फंस गए। साहिबाबाद क्षेत्र में आग की बढ़ती घटनाएं और नाकाफी इंतजाम के बाद न सिर्फ आरडब्ल्यू बल्कि दमकल विभाग के अधिकारी भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। दोनों की ओर से एडवाइजरी जारी की है और खुद सुरक्षा इंतजाम करने की सलाह दे रहे हैं। ऊर्जा निगम के सेवा निवृत्त अधिकारी दीपक अग्रवाल के बताया कि भीष्ण गर्मी में लोड बढ़ने से बिजली की वायरिंग पर दबाव बढ़ जाता है। पुराने और कमजोर तार, ओवरलोड मीटर, लोकल उपकरण और बिना सुरक्षा मानकों के बिजली कनेक्शन आग की बड़ी वजह हैं। उन्होंने कहा कि इन सब वजहों के अलावा बिल्डरों ने आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं किए है। ऐसे में लोगों को खुद ही जागरूक होकर अपनी और परिजन की जान बचाने के लिए घरों में आग से बचाव के इंतजाम कर लेने चाहिए। घरों में पानी का लंबा पाइप रखना चाहिए। साथ ही आग बुझाने के लिए बालू रेत भी रखना चाहिए। इसके अलावा उपकरणों की देखरेख भी समय-समय पर करनी चाहिए। यदि तार या केबल कमजोर या पुरानी है तो उसकों भी बदलवा लेना चाहिए। वहीं, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी सोसायटियों में आग को लेकर सर्तक हो गए हैं और समय-समय पर व्हाटसएप ग्रुप पर एडवाइजरी भेज रहे हैं। इसके अलावा सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।
सीएफओ राहुल पाल का कहना है कि बिल्डर फ्लोर को एनओसी देने का मानक नहीं है। यहां फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं है। इमारतों में न तो फायर एक्सटिंग्विशर लगे हैं और न ही इमरजेंसी में बाहर जाने की व्यवस्था है। ऐसे में लोगों को अब जागरूक होना होगा और स्वयं ही इसके लिए कदम उठाने चाहिए। लोगों को जागरूक करने के लिए दमकल की टीम लगातार अभियान चला रही है।
आरडब्ल्यूए और दमकल विभाग की प्रमुख सलाह
घर में फायर एक्सटिंग्विशर जरूर रखें, पुराने और ढीले बिजली के तार तुरंत बदलवाएं, एक साथ कई हाई-पावर उपकरण न चलाएं, मीटर और बिजली बोर्ड के पास ज्वलनशील सामान न रखें और आग लगने पर तुरंत मुख्य बिजली सप्लाई बंद कर दें।