करीब पांच साल से जाम शहर की सीवर ट्रंक लाइन की सफाई का काम शनिवार से शुरू हो जाएगा। जल निगम ने चार प्राइवेट फर्म को संजय नगर से डूंडाहेड़ा एसटीपी तक की ट्रंक लाइन की सफाई का कांट्रेक्ट दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों ने डूंडाहेड़ा में मशीनें पहुंचा दी हैं।
शनिवार को महापौर अशु वर्मा, जल निगम और नगर निगम के अधिकारी 111 करोड़ के बजट से होने वाले ट्रंक लाइन सफाई कार्य का शुभारंभ करेंगे। ट्रंक लाइन की सफाई कराकर अंदर पीवीसी कोटिंग भी कराई जाएगी।यह सीवर ट्रंक लाइन आधे शहर (टीएचए को छोड़कर) का सीवरेज डूंडाहेड़ा एसटीपी तक ले जाती है। करीब पांच साल से यह लाइन जाम है।
इसकी वजह से सीवरेज एसटीपी तक नहीं पहुंच रहा है। सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। ओवरफ्लो की समस्या का समाधान कराने की बजाय नगर निगम के कर्मचारी सीवर लाइन को नाले में तोड़कर चलताऊ विकल्प तैयार कर देते हैं। नगर निगम ने ‘अमृत’ योजना में इस लाइन को साफ कराने का प्रस्ताव तैयार किया था।
शुरूआत में 131 करोड़ का एस्टिमेट तैयार किया गया था, लेकिन शासन की आपत्ति के बाद इसे चार हिस्सों में बांटकर 111 करोड़ का कर दिया गया। विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद एसएलटीसी (स्टेट लेवल सेंक्शन कमेटी) से इसे मंजूरी मिल गई है।