ऑनलाइन ‘लाइक ’ से कमाई का बिजनेस सिर्फ सोशल ट्रेड कंपनी तक ही सीमित नहीं है। ऐसी कंपनियों का बड़ा जाल फैला हुआ है। गाजियाबाद और नोएडा में 10 से ज्यादा ऐसी कंपनियां ‘ऑनलाइन’ लाइक के जरिए मालामाल हो रही हैं। यही नहीं ग्राहकों का एतबार बढ़ाने के लिए कुछ कंपनियां उन्हें बैंक गारंटी भी दे रही हैं।
सूत्रों की मानें तो गाजियाबाद-नोएडा से इन कंपनियों में लोगों का 200-250 करोड़ रुपया लगा हुआ है। हालांकि इन कंपनियों के खिलाफ अभी तक कोई शिकायत नहीं हुई है।ऑनलाइन लाइक के इस बिजनेस में प्लान लगभग सभी कंपनियों के एक जैसे ही है। गाजियाबाद में वेब वर्क, एडमिल ऑनलाइन, एज एड वर्ल्ड, क्लिक वर्क समेत कई कंपनियां संचालित हैं।
शास्त्री नगर निवासी हरीश शर्मा ने बताया कि उन्होंने वेब वर्क नाम की एक कंपनी में इंवेस्टमेंट किया है, लेकिन फिलहाल कंपनी से उन्हें कोई शिकायत नहीं है। हालांकि एसटीएफ की ओर से सोशल ट्रेड पर हुई कार्रवाई के बाद थोड़ी शंका जरूर पैदा हो गई है।
गाजियाबाद में कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने ऐसी कंपनियों में न केवल खुद का रुपया लगाया हुआ है, बल्कि अपने साथ सैकड़ों लोगों का भी निवेश करा रखा है।ऑनलाइन क्लिक के इस बिजनेस में लोगों को इतना फायदा लगा कि उन्होंने ब्याज पर रुपया लेकर ऐसी कंपनियों में इनवेस्ट कर रखा है।
सोशल ट्रेड कंपनी में भी ऐसे ही कई लोगों ने निवेश कर रखा था। कंपनी पर शिकंजा कसने के बाद उनका रुपया भी डूब गया। अब ब्याज पर लिया गया रुपया उन्हें अपनी जेब से चुकाना होगा।