गाजियाबाद। एमएमजी जिला अस्पताल में बढ़ते कुत्तों के आतंक को देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से नगर आयुक्त को पत्र लिखकर उन्हें हटाने की मांग की गई है।
अस्पताल की तरफ से भेजे गए पत्र में 25 से 30 लावारिस कुत्तों के वहां होने की जानकारी दी गई है। ये इमरजेंसी, ओपीडी समेत वार्ड के आसपास घूमते रहते हैं। इससे मरीजों के बीच भी भय का माहौल बन जाता है। एमएमजी के सीएमएस डॉक्टर राकेश कुमार ने बताया कि लावारिस कुत्ते कई बार मरीज और तीमारदारों पर आक्रामक हो जाते हैं।
इस संबंध में मरीजों की तरफ से अस्पताल प्रशासन को कई बार सूचित किया गया है। लगातार बढ़ती कुत्तों की संख्या न केवल संक्रमण बल्कि स्वच्छता के लिए भी खतरा है। सुप्रीम कोर्ट ने अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों से कुत्तों को हटाने के निर्देश स्थानीय निकायों को दे दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि कुत्ते हटाने को लेकर निगम प्रशासन को पत्र लिखा गया। ताकि मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल में वातावरण सुरक्षित और स्वच्छ मिल सके। नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुज ने बताया कि पत्र मिलने के बाद से कई आवारा कुत्तों को अस्पताल परिसर में बंध्याकरण के लिए पकड़ा है। उन्हें बंध्याकरण के लिए निगम के एबीसी सेंटर में रखा गया है। उचित व्यवस्था होने के बाद यहां के कुत्तों को हटाया जाएगा।