गाजियाबाद। कोहरे में बढ़ रहे हादसों के बीच आरटीओ प्रवर्तन हरकत में आ गया है। सड़कों पर बिना रिफलेक्टर दौड़ने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा। इसको लेकर आरटीओ प्रवर्तन की ओर से जिलावार चार टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें न सिर्फ वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने को लेकर जागरूक करेंगी। बल्कि जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं लगें हैं उनके चालान भी किए जाएंगे। एक हजार से लेकर 10 हजार जुर्माना वसूलने का प्रावधान है। आरटीओ प्रवर्तन सियाराम वर्मा ने बताया कि अब तक करीब चार हजार वाहनाें पर रिफ्लेक्टर लगवाए जा चुके हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रक, टैंकर व अन्य भारी वाहनाें पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रिफ्लेक्टर से अंधेरे और कोहरे में वाहनों का संचालन हाेने में आसानी होती है।