गाजियाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त रक्तदान शिविर 14 जून को लगाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के सहयोग से मुरादनगर के विजय मंडी में मेन कस्बा रोड स्थित विजय धर्मशाला में कैंप लगेगा।
कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगा। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि कैंप में अधिक संख्या में रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। इस बार रक्तदान का स्लोगन ‘आओ करें रक्तदान, हो स्वस्थ भारत का निर्माण’ रखा गया है। मुरादनगर के साथ गाजियाबाद में एमएमजी स्थित ब्लड बैंक में भी सुबह दस बजे से रक्तदान कर सकेंगे।
अमर उजाला भी करेगा सम्मानित
अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वालों को ब्लड बैंक की तरफ से एक सर्टिफिकेट दिया जाएगा, जिसके जरिए रक्तदाता साल में एक बार एक यूनिट ब्लड ले सकेंगे। उधर, अमर उजाला की तरफ से भी एक सम्मान पत्र दिया जाएगा।
कई बीमारियों से बच सकते हैं रक्तदान से
रक्तदान करने वाला व्यक्ति न केवल दूसरों की जिंदगी बचाता है बल्कि खुद भी स्वस्थ रहता है। यही नहीं रक्तदान करने पर आपके खून की पांच जांचें भी मुफ्त होंगी।
एमएमजी अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एके दुआ ने बताया कि हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करते रहना चाहिए।
रक्तदान से पहले हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी, मलेरिया पैरासाइट, एचआईवी एड्स, सिफलिस और हीमोग्लोबिन की जांच मुफ्त में की जाती है। सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल ने बताया कि लोगों में भ्रम है कि रक्तदान से कमजोरी आती है, यह गलत है। रक्तदान में 350 से 450 मिली खून लिया जाता है, जो 24 घंटों के अंदर शरीर में फिर से बनने लगता है। एक स्वस्थ मनुष्य साल में चार बार रक्तदान कर सकता है। विश्व रक्तदाता पखवाड़ा में लगातार रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसमें भी इच्छुक व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं।