सिंभावली। गांव हिम्मतपुर-टोडरपुर मार्ग पर पेड़ पर तेंदुआ दिखने के बाद वन विभाग की टीम अधिक सक्रिय हो गई है। डीएफओ गौतम सिंह ने जंगल में पहुंचकर ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए को तलाश कराया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मंगलवार की रात जंगल में प्रधान मुजम्मिल के खेतों पर लगे नलकूप के पास पेड़ पर तेंदुआ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया था। जिसकी सूचना पर डीएफओ गौतम सिंह व वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह अपने साथ विभागीय टीम को लेकर वहां पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास के जंगल में पैदल भ्रमण करते हुए तेंदुए के होने के साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। इसके अलावा संभावित स्थानों को चिहिंत किया गया। इन स्थानों की निगरानी ड्रोन कैमरे के माध्यम से कराई गई। डीएफओ ने हिम्मतपुर, टोडरपुर व आसपास के गांवों के ग्रामीणों से भी वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों से खेतों की तरफ अकेले न जाने, रात के समय अधिक सतर्कता बरतने और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सूचना देने की अपील भी ग्रामीणों से की। डीएफओ ने कर्मचारियों को लगातार क्षेत्र में गश्त जारी रखने का भी निर्देश दिया।
गौतम सिंह ने बताया कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तेंदुए की तलाश में लगे हुए हैं। आवश्यकता होने पर इस क्षेत्र में भी पिंजरा लगवाया जाएगा। यदि क्षेत्र में तेंदुआ है, तो जल्द ही पकड़ा जाएगा।