गाजियाबाद। जनपद न्यायालय में हुए लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलन कर रहे वकीलों ने रजिस्ट्री बंद कराने के लिए तहसील बार को पत्र लिखा है। इसके साथ ही 16 नवंबर को बड़े स्तर पर महापंचायत करने की तैयारी में जुटे हैं। महापंचायत में अधिवक्ता दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और प्रदेश के अन्य जनपदों के वकीलों के साथ आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। बृहस्पतिवार को भी वकीलों का धरना जारी रहा और अदालत में कोई अधिवक्ता या वादकारी पेश नहीं हुआ। वहीं कचहरी के बाहर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रही।
बार अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि तहसील बार संघों ने रजिस्ट्री का काम शुरू कर दिया है। तहसील बार से अपील की गई है कि वह रजिस्ट्री का काम बंद कर दें। जबकि चार नवंबर से 22 जिलों के अधिवक्ता वकील लगातार जिला जज को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही लाठीचार्ज करने वाले पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वकीलों ने एलान किया था कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, वे हड़ताल जारी रखेंगे। बृहस्पतिवार को वकीलों ने बार सभागार के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया और जिला जज के खिलाफ नारेबाजी की।
जमानत अर्जी डालने वाले अधिवक्ताओं के खिलाफ होगी कार्रवाई
बार एसोसिएशन के सचिव अमित नेहरा ने कहा कि वकीलों पर लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके बावजूद कुछ अधिवक्ता अदालत में जमानती प्रार्थना पत्र पेश कर रहे हैं। ऐसे अधिवक्ताओं के खिलाफ बार एसोसिएशन कार्रवाई करेगी। अमित नेहरा ने बताया कि 29 अक्तूबर को एक मामले के आरोपियों की जमानत अर्जी पर पहले सुनवाई किए जाने की बात को लेकर जिला जज और वरिष्ठ अधिवक्ता नाहर सिंह यादव के बीच नोक-झोक हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने वकीलों पर लाठी चार्ज कर दिया था। तभी से वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
प्रेसवार्ता करेंगे शादाब
अधिवक्ता शादाब ने बताया कि वह बार काउंसिल और वकालत की पूरी नियमावली का पालन करते हैं, इसके बावजूद कुछ अधिवक्ता उन्हें बदनाम कर रहे हैं। शुक्रवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरी जानकारी देंगे।
जिस मामले में बवाल हुआ, बढ़ रही है अग्रिम जमानत
जिस केस में अग्रिम जमानत को लेकर जनपद न्यायालय की अदालत में बवाल हुआ था। उसमें लगातार आरोपियों की अग्रिम जमानत बढ़ रही है। बताया गया कि अदालत में सुनवाई के लिए कोई भी पक्ष पेश नहीं हो रहा है, इस कारण से लगातार तारीख पर तारीख लग रही है।