मोदीनगर। गांव भोजपुर में कार हटाने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने कार सवार अधिवक्ता और उनकी बहन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने अधिवक्ता और उनकी बहन का घर तक पीछा किया और घर में घुसकर भी हमला किया। पुलिस ने पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
भोजपुर के गांव त्यौड़ी-7 बिस्वा निवासी मुजीबुरहमान अधिवक्ता हैं। मुजीबुरहमान की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार उनकी बहन की ससुराल गांव भोजपुर में है। रविवार को वह अपनी बहन की ससुराल भोजपुर गए थे। रात करीब नौ बजे रास्ते में बड़ी मस्जिद के पास एक कार खड़ी थी। मुजीबुरहमान ने कार हटाने के लिए कहा तो कार सवारों ने मुजीबुरहमान से अभद्रता करते हुए गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने अपने कई साथी मौके पर बुला लिए। इसके बाद गुस्साए आरोपियों ने मुजीबुरहमान और उनकी बहन पर जानलेवा हमला कर दिया। मुजीबुरहमान और उनकी बहन जान बचाने के लिए भाग कर घर पहुंच गए। आरोपी भी पीछा करते हुए जबरन उनके घर में घुस गए और तोड़फोड़ करते हुए उन्हें बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार सबील, मोसीन, नौशाद, आदिल और माजिद निवासी भोजपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।