मोदीनगर। नगर के प्रसिद्ध और पौराणिक सीकरी महामाया देवी मंदिर मेले में रविवार को आठवें नवरात्र पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार को कुछ श्रद्धालुओं ने सप्तमी पूजन किया तो कुछ ने अष्टमी मनाई। माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा।
गांव सीकरी खुर्द स्थित महामाया देवी मंदिर पश्चिमी उत्तर का आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां चैत्र और शारदीय नवरात्रों में गाजियाबाद और मेरठ के अलावा अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। रविवार को मंदिर में सुबह तीन बजे से ही भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। मंदिर के महंत सुनील भगत ने बताया कि श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल, लौंग, सुपारी, प्रसाद आदि भेंट कर आराधना की।
उन्होंने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं ने दोनों तिथियों सप्तमी और अष्टमी की पूजा की। श्रद्धालुओं में मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक वट वृक्ष पर मन्नत का धागा बांधा। बच्चों ने मेले में झूलों का आनंद लिया। उधर रविवार को मेले में भारी भीड़ उमड़ने के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। भीड़ के कारण सीकरी खुर्द रेलवे क्रासिंग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिसबल तैनात था।