साहिबाबाद। कोहरे के चलते हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान रद होने का सिलसिला थम नहीं रहा। मंगलवार को भी हिंडन से कोलकाता जाने वाली और कोलकाता से आने वाली इंडिगो की उड़ान रद रही। इसके साथ ही हिंडन से पटना जाने वाली उड़ान भी रद कर दी गई। इसके साथ ही देरी की वजह से चेन्नई की उड़ान भोपाल डायवर्ट कर दी गई।
दरअसल चेन्नई से हिंडन आने वाली फ्लाइट का लैंडिंग समय तीन बजे है, लेकिन मंगलवार को यह चार बजे गाजियाबाद पहुंची। ऐसे में वाच ऑवर खत्म होने के कारण हिंडन एयरफोर्स की ओर से फ्लाइट को यहां उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। बाद में उड़ान भोपाल डायवर्ट कर दी गई। वापसी में हिंडन से पटना के लिए उड़ान सवा चार बजे रवाना होती है, लेकिन वॉच आवर्स खत्म होने की वजह से इसे भी रद करना पड़ा। इस वजह से एयरपोर्ट पर पटना के यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बाद में सभी यात्रियों को एयरलाइंस कंपनी ने अलग-अलग जगहों पर भेजा।