लंबे समय से आशियाने का इंतजार कर रहे आवंटियों को जल्द ही उनके फ्लैटों की चाभी मिल जाएगी। आवास विकास परिषद ने बुधवार को वसुंधरा स्थित कंवेंशन सेंटर में ईडब्ल्यूएस और आसरा-सपना फेज-3 का नंबरिंग ड्रॉ संपन्न किया। भारी सुरक्षा व्यवस्था और वीडियोग्राफी के बीच ड्रॉ कराया गया।
बुधवार को करीब 1100 ईडब्ल्यूएस फ्लैटों और 200 आसरा-सपना फेज-3 के फ्लैटों का ड्रॉ दोपहर 11 बजे शुरू हुआ। परिषद ने ईडब्ल्यूएस और आसरा-सपना फेज-3 को 2014 की शुरूआत में लांच किया था। इसमें पात्रता ड्रॉ पहले ही हो चुका था।
मंडोला सर्किल के अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि ईडब्ल्यूएस के 1120 और आसरा-सपना के फ्लैटों का ड्रॉ पूरा कर लिया गया है। शुरूआती दो घंटे आसरा-सपना और उसके बाद ईडब्ल्यूएस योजना का ड्रा किया गया है। इस दौरान परिषद के मंडोला और वसुंधरा सर्किल के अधिकारी मौजूद रहे।
जून तक मिलेगी आशियाने की चाभी
करीब दो साल से घर का इंतजार कर रहे ईडब्ल्यूएस के आवंटियों को जून तक आशियाने की चाभी मिल जाएगी। अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि योजना का काम लगभग पूरा हो चुका है। जून तक सभी फ्लैटों का पजेशन दे दिया जाएगा।