मिस्ट्री बनती जा रही वरुण की मौत के बाद दोस्तों ने परिजनों को इंसाफ दिलाने के लिए फेसबुक पर मुहिम छेड़ दी है। फेसबुक पर 'जस्टिस फॉर वरुण' के नाम से दोस्तों ने पोस्ट डालकर मदद मांगी है। दोस्तों का कहना है कि जितने भी लोग वरुण से जुड़े हैं, उन्हें वरुण के परिजनों के साथ आकर पुलिस से गिरफ्तारी की मांग करनी चाहिए।
परिजन जल्द ही मामले में गृहमंत्री से मुलाकात करने जा रहे हैं। परिजनों और दोस्तों के अनुसार वरुण गर्लफ्रेंड से बात कर ब्रेकअप का कारण जानना चाहता था। वह सिर्फ सुसाइड की बात कर उसे डरा रहा था, मगर पुलिस इन्हीं मैसेज के जरिए घटना को सुसाइड बताने में जुटी है, जबकि वरुण सुसाइड कर ही नहीं सकता है।
उधर, मौत के दिन शाम करीब साढ़े सात बजे वरुण से बात करने वाली उसकी मुंहबोली बहन ने बताया कि वरुण उस दिन परेशान था, मगर सुसाइड नहीं कर सकता है। फोन पर वह कह रहा था कि वह गर्लफ्रेंड से सच्चा प्यार करता है और उसे किसी हालत में खोना नहीं चाहता है। परिजनों को शक है कि सीने पर ब्लेड से काटकर लिखा गया गर्लफ्रेंड का नाम भी हत्या के बाद ही लिखा गया है।
इस संबंध में सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच के आधार पर मामले को सुसाइड बताया है, लेकिन जांच के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।