हज हाउस का उद्घाटन करने के लिए सीएम अखिलेश यादव का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। पांच सितंबर को सुबह 11 बजे सीएम विशेष विमान से हिंडन एयरफोर्स आएंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से हिंडन नदी किनारे बने हज हाउस तक पहुंचेंगे।
उधर सीएम कार्यक्रम के मिनट्स जारी होने के साथ ही सरकारी अमले में हलचल मच गई है। डीएम निधि केसरवानी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सीएम आगमन की तैयारियों से संबंधित अपने-अपने कार्य सभी विभाग समय से निपटा लें।
उप सूचना निदेशक नवलकांत तिवारी ने बताया कि सीएम अखिलेश यादव साइकिल वितरण और मेधावी स्टूडेंटस को लैपटॉप भी बांटेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम अखिलेश यादव सुबह 11 बजे से सवा एक बजे तक गाजियाबाद में रहेंगे। इस दौरान दस मिनट के लिए सीएम अखिलेश यादव आम जनता को भी संबोधित करेंगे।
उधर सीएम का कार्यक्रम जारी होने के साथ ही गाजियाबाद के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सीएम की सुरक्षा को लेकर भी प्लान तैयार किया जा रहा है।
इनसेट: जीडीए अधिकारियों की शिकायत सीएम से करेगा तहसील कंपाउंड संघ
जीडीए अधिकारियों की बेरुखी की शिकायत तहसील कंपाउंड संघ ने सीएम अखिलेश यादव से करने की बात कही है। बृहस्पतिवार को एक बैठक के दौरान तहसील कंपाउंड संघ में यह निर्णय लिया गया।
संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार त्यागी के अनुसार तहसील परिसर में तीन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगे हुए हैं, मगर करीब दस वर्षों से इनकी सफाई नहीं हुई। इसके अलावा चैंबर्स के सामने सड़क का निर्माण भी नहीं किया गया है, जबकि इन कार्यों के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से ही तीन बार आदेश आ चुके हैं।
मुकेश त्यागी का कहना है कि हज हाउस का उद्घाटन किए जाने के दौरान ही सीएम से जीडीए अधिकारियों की शिकायत की जाएगी।