गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एक महिला के घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में पीड़िता ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सिद्धार्थ नगर की बागू काॅलोनी रहने वाली पिंकी के मुताबिक 17 जुलाई को सुबह करीब दस बजे एसजेएम हॉस्पिटल सेक्टर-63 गई थीं। घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। शाम को जब वह घर पहुंचीं तो उनके घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी का भी ताला टूटा पड़ा था। सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी में रखते कान के तीन जोड़ी टॉप्स, सोने की एक नोज पिन, दो जोड़ी पॉजेब, 12 तोले की बेटे के हांथ के कड़े और 17 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। आरोप है कि उनके पास के कमरे में उनकी बहन का बेटा रहता है। पीड़िता ने आशंका जताई की बहन के बेटे और उसके छह-सात दोस्तों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों से पूछताछ करने के लिए जब वह गई, तो कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज, धक्का मुक्की और जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि आरोपियों ने कहा कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो वह उनके बेटे का अपहरण कर जान से मार देंगे। आरोप है कि इसकी वजह से वह डर गई थी। कुछ दिन बाद थाना स्तर पर वह शिकायत करने भी पहुंची थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। 23 जुलाई को पीड़िता ने तहरीर दी। सात अगस्त को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।