मोदीनगर। तिबड़ा रोड निवासी एक कारोबारी के घर की अलमारी में बने लॉकर का ताला तोड़कर 50 लाख रुपये से अधिक की कीमत के सोने-चांदी और हीरे के गहने चोरी हो गए। कारोबारी के घर पर मरम्मत और पुताई कार्य चल रहा है। कारोबारी ने पुताई करने वाले श्रमिकों पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
तिबड़ा मार्ग की आर्य समाज मंदिर वाली गली निवासी राम अग्रवाल कारोबारी हैं। राम अग्रवाल ने बताया कि उनके घर पर मरम्मत कार्य के चलते बिजली, पुताई और पत्थर कारीगर सहित कई श्रमिक काम पर लगे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात उनके कक्ष में लगी आलमारी का लॉकर का ताला टूटा मिला। लॉकर में रखे सोने व चांदी और हीरे के गहने गायब मिले। राम अग्रवाल के मुताबिक चोरी हुए गहनों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। कारोबारी ने आरोप लगाया कि उनके घर पर लगे पुताई वालों ने चोरी को अंजाम दिया है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।