गाजियाबाद। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा की टीम ने मंगलवार को मोदीनगर के खिलौड़ा में इलेक्ट्रॉनिक व प्लास्टिक के कबाड़ की खरीदफरोख्त करने वाली फर्म पर छापा मारा। राज्य कर अधिकारियों के अनुसार जांच में पाया गया कि फर्म ने बोगस फर्मों से खरीद दिखाकर करीब दो करोड़ की आईटीसी ले ली। करीब 10 घंटे तक चली कार्रवाई के बाद टीम ने करीब 30 लाख रुपये सरकार के खाते में जमा कराए। देर शाम तक जांच जारी रही।
राज्य कर अधिकारी सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि जॉइंट कमिश्नर अजय प्रताप सिंह के निर्देश पर राज्य कर अधिकारी स्वतंत्र कुमार सिंह के साथ मिलकर मंगलवार सुबह प्लास्टिक व इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ की खरीद फरौख्त करने वाली इनवायर क्लीन वेस्ट मैनेजमेंट फर्म पर छापा मारा गया। पूर्व में पोर्टल पर दिखे आईटीसी क्लेम में जो फर्म खरीद दिखाई गई, वह अस्तित्वहीन पाई गई। छापे के दौरान अभिलेखों की जांच में भी गड़बड़ी पाई गई है। फर्म इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कबाड़ रिसाइकिल कर धातुओं को बेचने का कार्य करती है।