गाजियाबाद। दंगल में हिस्सा लेने जा रहीं अंतरराष्ट्रीय नाबालिग महिला पहलवान और उनकी साथी खिलाड़ी पर कार से बाइक टकराने का आरोप लगाकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार चला रहे पहलवान के पिता को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। विरोध करने पर दोनों खिलाड़ियों के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वीडियो बनाने पर हत्या की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में नंदग्राम थाने में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिनमें से एक आरोपी दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वेव सिटी क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित पिता के मुताबिक, उनकी बेटी फ्रीस्टाइल कुश्ती खिलाड़ी है। लोनी के डगरपुर में आयोजित दंगल में उनकी बेटी को आमंत्रित किया गया था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बेटी और उसकी भतीजी जोकि कुश्ती खिलाड़ी है के साथ कार से दंगल में शामिल होने जा रहे थे। मोरटा के पास सड़क पर एक बाइक सवार युवक मिला। रास्ता मांगने पर उसने कार को इशारा कर बगल से निकल जाने के लिए कहा।
आरोप है कि कुछ दूर आगे जाने पर बाइक सवार ने कार का पीछा किया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें रोक लिया। इसके बाद आरोपी ने कार चला रहे पिता को खींचकर बाहर निकाल लिया और गाली-गलौज करते हुए पीटने लगा। आरोप है कि उसने फोन कर कुछ अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
महिला खिलाड़ियों ने मारपीट का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। आरोप है कि दोनों को गलत तरीके से छुआ और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी के मुंह पर कई वार किए। उनके पिता पर लात-घूंसे बरसाने के साथ असलहे से भी हमला किया गया।
आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल महिला खिलाड़ी और उनके पिता नंदग्राम थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने दीपक त्यागी, नितिश त्यागी, अरुण त्यागी और कपिल त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वीडियो बनाने पर दी हत्या की धमकी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला खिलाड़ी ने आरोपियों की हरकतों को मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड करना शुरू किया तो आरोपी कैमरे के सामने ही गाली-गलौज करते दिखाई दिए। वीडियो में महिला खिलाड़ी को धमकी देने की बात भी सुनाई दे रही है। पीड़ित पिता के मुताबिक, उनकी बेटी ने बहरीन में कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन किया था। इसके अलावा भी वह कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं।