इंदिरापुरम। थाना पुलिस ने वाहन चोरी और स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 8 चोरी के वाहन बरामद हुए हैं। आरोपी सुनसान जगह खड़े वाहनों का लात मारकर लॉक तोड़ देते थे और चोरी कर लेते थे।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार रात पुलिस सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध बाइक पर आते दिखे। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हनी निवासी मकनपुर और निखिल उर्फ नोनू निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली बताए।
पुलिस ने निशानदेही पर ग्रीन बेल्ट में छिपाकर रखी गई 6 बाइक और 2 स्कूटी बरामद कीं। ये वाहन गाजियाबाद, दिल्ली और नोएडा से चोरी किए गए थे। दोनों आरोपी दोस्त हैं और शौक पूरे करने के लिए चोरी करते थे। चुराई गई बाइकों की नंबर प्लेट बदलकर वे स्नैचिंग की वारदात भी करते थे और सस्ते दामों पर वाहन व मोबाइल बेच देते थे।
उधर, साहिबाबाद पुलिस ने भी एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि 16 जुलाई को नगला शहजन निवासी विजय कुमार ने बाइक चोरी की शिकायत दी थी। मुखबिर की सूचना पर इंदिरा कॉलोनी में किराए पर रहने वाले सूर्या को औद्योगिक पार्क के पास से पकड़ा गया। आरोपी ने बताया कि पैसों की जरूरत के कारण उसने चोरी की थी।