पुलिस मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली, साथी फरार
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना पुलिस के साथ मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश बागपत का रहने वाला है, जिस पर दिल्ली-एनसीआर में चोरी व लूट केदर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिहानी गेट एसएचओ उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मंगलवार रात सिटी फॉरेस्ट के सामने चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लाल रंग की पल्सर पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने मोरटी गांव जंगल तिराहे पर घेराबंदी की तो बाइक सवारों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा बदमाश भाग निकला, जिसकी तलाश में घंटों कांबिंग की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट के 15 मुकदमे हैं दर्ज
एसएचओ ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान आसू उर्फ आस मोहम्मद निवासी गुराना रोड उर्दू कॉलोनी थाना बड़ौत (बागपत) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली के कई थानों में लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट के 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस व मसूरी थानाक्षेत्र से चोरी बाइक बरामद हुई है। घायल बदमाश की पहचान आबिद निवासी नंदग्राम के रूप में हुई है। जिसकी तलाश की जा रही है।