गाजियाबाद। शहर की तरह अब ग्रामीण क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ता अपना बिल ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिल जमा कराने के लिए बिलिंग काउंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
शहरी क्षेत्रों की तरह गांवों में भी स्पॉट बिलिंग मशीन (एसबीएम) से घर-घर जाकर बिल काटे जाएंगे। फिर उपभोक्ता डेबिट, क्रेडिट कार्ड या फिर नेट बैंकिंग के जरिए बिजली बिल जमा करा सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिल जमा कराने की सुविधा जनसुविधा केंद्रों पर भी मिलेगी। इसके अलावा भी गांवों से सटे विभिन्न स्थानों पर अलग से काउंटर भी खोले जाएंगे। गाजियाबाद जोन में पायलट प्रोजेक्ट के तहत लोनी-थर्ड, बुलंदशहर के गुलावठी और हापुड़ के गढ़ व पिलखुवा में इसकी शुरुआत की गई है।
दूसरे चरण में गाजियाबाद के मोदीनगर, लोनी-सेकेंड डिवीजन, गाजियाबाद-सात डिवीजन, हापुड़, बुलंदशहर, जहांगीराबाद व स्याना में ऑनलाइन बिलिंग की व्यवस्था शुरू होगी। पावर कारपोरेशन चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में ऑनलाइन बिल जमा कराने की शुरुआत कर दी गई है। शुरुआत में कुछ क्षेत्रों में इसे लागू किया गया है। मार्च तक सभी गांवों में योजना लागू होने की संभावना है।
गांवों में मीटर लगाने का काम भी तेज
ऑनलाइन बिल जमा कराने की सुविधा के साथ गांवों में बिजली के नए मीटर लगाने का काम भी तेज हो गया है। गांवाें में पुराने मीटर हटाकर नए मीटर लगाए जा रहे हैं। नए मीटर लगने के साथ ही गांवों में फिक्स चार्ज की जगह स्पॉट बिलिंग मशीन सीधे यूनिट के हिसाब से बिल लिया जाएगा। फिरहाल जहां मीटर नहीं होगा वहां एसबीएम से फिक्स चार्ज की डेट को बिल जेनरेट किया जाएगा। सभी गांवों में मीटर लगाने का काम छह महीना लंबा खिंच सकता है।