एनएच-24 के पास अंतरिक्ष संस्कृ ति अपार्टमेंट में फ्लैट तय समय सीमा के अंदर न मिलने से नाराज बायर्स ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बिल्डर के खिलाफ प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्थानीय पुलिस और सांसद वीके सिंह को शिकायती पत्र भी भेजा है।
करीब दो घंटे तक प्रदर्शन कर बायर्स ने नाराजगी जाहिर की है। साल 2016 के अंत तक फ्लैट दिए जाने के लिए बिल्डर को अल्टीमेटम दिया है। संस्कृति सोशल वेलफेयर सोसायटी के तत्वाधान में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग वहां पर पहुंचे।
सोसायटी के अध्यक्ष विपिन सिंह ने बताया कि प्रदर्शन का उद्देश्य बिल्डर के कानों में आवाज पहुंचाना था। सोसायटी के उपाध्यक्ष अतुल ने बताया कि सात आठ साल पहले ही बायर्स ने फ्लैट की बुकिंग कर दी थी। फ्लैट के लिए रुपये भी जमा कर दिए थे।
बिल्डर ने अब तक फ्लैटों के निर्माण का कार्य पूरा नहीं कराया है। मौजूदा हालत देखते हुए ऐसा लग रहा है कि बिल्डर की तरफ से लापरवाही की जा रही है, वह बायर्स को समय पर फ्लैट नहीं देना चाहता है। कई बार इसकी शिकायत बिल्डर से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
सोसायटी के पदाधिकारी महेंद्र चंद्रा ने बताया कि ने बताया कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह सभी लोग विरोध जताने के लिए जंतर मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। मांग है कि फ्लैट का अलॉटमेंट किया जाए, मेंबर लिस्ट प्रोवाइड कर्राई जाए। बिल्डर और सोसायटी के बीच जो एग्रीमेंट किए गए हैं, वह दस्तावेज मुहैया कराए जाएं। अगर दिसंबर 2016 तक पजेशन नहीं मिला तो जमा की गई रकम पर 12 प्रतिशत रकम बतौर जुर्माना बिल्डर उन्हें दे।