गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को दो महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी मीना ने बताया कि वेतन के साथ-साथ उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) और भविष्य निधि (पीएफ) जैसी सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। दीनभान कर्मचारी फाउंडेशन के सचिव राहुल ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई कर्मचारियों को बच्चों की स्कूल फीस जमा करने, मकान का किराया देने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी और प्रशासन की होगी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। संबंधित एजेंसी से वार्ता कर जल्द से जल्द कर्मचारियों का लंबित वेतन दिलाने का प्रयास किया जाएगा।