प्रधानमंत्री की घोषणा के 11 माह बाद अब यूपी गेट से डासना के बीच एनएच-24 के 14 लेन चौड़ीकरण के लिए कंस्ट्रक्शन कंपनी का नाम फाइनल होने जा रहा है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री ने एक उच्चस्तरीय बैठक में इस बात पर नाराजगी जताई थी कि अब तक ठेका तक नहीं छोड़ा गया है।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को एनएचएआई के अध्यक्ष राघव चंद्रा की कुर्सी बदले जाने के बाद विभागीय अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। अगले हफ्ते एनएचएआई की बोर्ड बैठक में एक नामी कंपनी को ठेका भी दे दिया जाएगा। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरपी सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि सितंबर में 14 लेन चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी किया गया था,
जिसमें चार कंपनियां शामिल हुई थीं। 8 नवंबर को फाइनेंसियल बिड खोली गई थी, जिसमें न्यूनतम बोली 2517 करोड़ की आई है। अन्य कंपनियों की बोली इस राशि से करीब दस प्रतिशत अधिक की आई है। उन्होंने बताया कि एनएचएआई का बजट 1998 करोड़ रुपये है।
अगले सप्ताह एनएचएआई की बोर्ड बैठक में किसी एक कंपनी को ठेका देने पर निर्णय ले लिया जाएगा। ठेका देने में न्यूनतम बोली को ही तवज्जो दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सितंबर से पहले भी टेंडर जारी किया गया था, जिसमें एक कंपनी ही आई थी। यह कंपनी टेक्निकल बिड में फेल हो गई थी।
फेल होने के खिलाफ कंपनी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था लेकिन कोर्ट ने केस को खारिज कर दिया। याद हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 31 दिसंबर को नोएडा में निजामुद्दीन से हापुड़ बाईपास तक एनएच-24 के चौड़ीकरण की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि तीस माह में यह काम पूरा हो जाएगा।
इस घोषणा के 11 माह बाद ठेका देने का काम पूरा होने जा रहा है जबकि काम शुरू होने के ढाई साल बाद चौड़ीकरण का कार्य पूरा होगा।प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि यूपी गेट से डासना के बीच 90 मीटर की चौड़ाई में जमीन एनएचएआई के नाम पहले से है।
कई जगहों पर लोगों ने इस जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है। चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने से पहले प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई जाएगी। यह काम जनवरी से शुरू कर दिया जाएगा।
सीआईएसएफ कट पर बनेगा अंडरपास
यूपी गेट से डासना के बीच 19.2 किलोमीटर की लंबाई में 13 जगहों पर अंडरपास बनाए जाएंगे। इनमें से नोएडा के सेक्टर-62 से इंदिरापुरम के बीच अंडरपास बना दिया गया है। दूसरा अंडरपास सीआईएसएफ कट के पास बनेगा। यह अंडरपास भी नोएडा को टीएचए से जोड़ेगा। इन दिनों सीआईएसएफ के पास एनएच के नीचे से एक रास्ता चालू है। इस रास्ते पर बड़े अंडरपास का निर्माण अप्रैल से शुरू होगा। सेक्टर 62 से इंदिरापुरम के बीच एनएच पर फ्लाईओवर बनाने की योजना थी लेकिन भविष्य में सेक्टर-62 से मेट्रो एनएच के ऊपर से गुजरेगी, इसलिए यह योजना कैंसल कर दी गई है।