लोनी। ऑटो चालक ने सभापुर अंडरपास जीवन गेट के पास एक व्यक्ति को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इलाज के लिए घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
तालिब निवासी रामपार्क एक्सटेंशन ने बताया कि उनके पिता सहुल अंसारी रिक्शा-ठेली पर सामान लादकर काॅलोनियों में फेरी लगाकर सामान बेचते थे। चार जुलाई को मुस्तफाबाद काॅलोनी से ठेली पर सामान लादकर उनके पिता जीवन गेट जा रहे थे। जब वह सभापुर फ्लाई ओवर के निकट पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। इससे पिता सहुल अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक उनके घायल पिता को ऑटो से निजी अस्पताल लेकर पहुंचा और वहां से लोनी नाईपुरा काॅलोनी स्थित 50 सैय्या अस्पताल ले आया। परिजनों ने बताया कि गंभीर हालत में लोनी अस्पताल में छोड़ आरोपित ऑटो चालक वहां से भाग गया। जहां चिकित्सक ने जांच में घायल पिता को मृत घोषित कर दिया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने ऑटो नंबर के आधार पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।