गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित घंटाघर पर चढ़त के दौरान एक युवक ने बरात में डांस करते समय कई राउंड फायरिंग की। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके घर पर दबिश दी। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मकान बंद कर भाग गया। उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार ने आरोपी धनेश मित्तल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें बरात में एक युवक हर्ष फायरिंग करता नजर आया। वायरल वीडियो के आधार पर उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार ने घंटाघर स्थित दुकानदारों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान धनेश मित्तल निवासी अनाज मंडी घंटाघर के रूप में की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को उसके घर पर दबिश दी। हालांकि इससे पूर्व ही आरोपी मकान बंद कर परिवार सहित भाग चुका था। उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार ने आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।