हापुड़ के पिलखुवा के गांव सिखेड़ा में आज एक ऐसी घटना हुई जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव गांव सिखेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला पर तेजाब फेंक दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आनन-फानन महिला को अस्पताल ले जाया गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार पिछले एक वर्ष से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिखेड़ा निवासी शाहना (32) पत्नी सलीम पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर तेजाब फेंकने का आरोप है। परिजनों के अनुसार 1 साल पहले बच्चों में मारपीट के बाद दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ था जिसमें सलीम पक्ष की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
आरोपी इस मामले में जेल में भी गए थे। फिलहाल जमानत पर बाहर थे। आरोप है कि इसी मामले में समझौते का दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। समझौता न करने पर घटना को अंजाम दिया गया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जांच की।