संभलकर निकलें आज, पांच जगह चक्का जाम करेंगे किसान
हापुड़। तीन कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को जिले की प्रमुख सड़कों पर पांच जगह किसान जाम लगाएंगे। किसानों का एलान है कि सुबह दस से शाम चार बजे तक उनका प्रदर्शन चलेगा। उधर पुलिस प्रशासन ने जिले को छह सेक्टरों में बांटकर पीएसी भी तैनात की है।
कृषि कानूनों के विरोध में बीते नो महीने से किसान गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने सोमवार को भारत बंद का एलान कर रखा है। भाकियू की रणनीति है कि पांच स्थानों पर हाइवे जाम किया जाए। किसान नेताओं ने गांवों में जनसंपर्क कर, आंदोलन सफल बनाने की रणनीति बनाई।
ऐसे रहेगा रूट डायवर्जन
वाहनों चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन का प्लान तैयार किया है। मुरादाबाद से हापुड़ की ओर आने वाले वाहनों को गढ़मुक्तेश्वर से वाया स्याना और मेरठ रोड की तरफ निकाला जाएगा। बुलंदशहर की ओर से आने वाले वाहनों को नहर पटरी के रास्ते निकाला जाएगा।
सादी वर्दी में भी रहेगी पुलिस
धरना स्थल पर क्यूआरटी और पीएसी के साथ साथ सादी वर्दी में पुलिस को भी तैनात किया जाएगा। रिजर्व में भी दो टीमें अलग से रखी जाएंगी।
माहौल बिगाड़ा तो बर्दाश्त नहीं
भाकियू के हाईवे जाम के कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। रूट डायवर्जन और पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। किसानों से भी वार्ता की जा रही है। माहौल बिगाडने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।--दीपक भूकर, एसपी।
भाकियू नेताओं ने चक्का जाम के लिए दी जिम्मेदारी
हाफिजपुर पड़ाव पर मंडल सचिव यशवीर चौधरी, प्रेमपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अमित का नेतृत्व, ततारपुर बाईपास काली नदी पर मंडल महासचिव ज्ञानेश्वर त्यागी व अमरेंद्र सिद्धू, सिंभावली हाईवे पर कुशल पाल आर्य, वीरेंद्र चौधरी, धनवीर शास्त्री, पंकज चौधरी, परवेज चौधरी के नेतृत्व में गढ़मुक्तेश्वर में दिनेश खेड़ा, जीते चौहान हाईवे जाम करेंगे। धौलाना हाईवे पर भवेंद्र सिसोदिया तहसील अध्यक्ष धौलाना के नेतृत्व में चक्का जाम रहेगा।