वार्ड 34 में 15 दिन में गई सात की जान
हापुड़। नगर पालिका परिषद हापुड़ के वार्ड 34 के मोहल्ला श्रीनगर व पटेल नगर में पिछले 15 दिनों में करीब सात मौत हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मरने वालों को खांसी, जुकाम व बुखार था। करीब दस हजार की आबादी वाले वार्ड 34 में श्रीनगर, पटेल नगर, राजेंद्र नगर, अमरदीप कॉलोनी, रामगंज व प्रकाश नगर आदि मोहल्ले हैं। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान इन मोहल्लों मे बुखार, खांसी व जुकाम जैसे कोरोना से मिलते-जुलते लक्षणों वाले मरीज काफी संख्या में हैं।
बरती जाए सख्ती
जरूरी है कि पुलिस-प्रशासन कोविड गाइडलाइन का पालन सख्ती से कराए। लोगों को खुद भी सतर्कता बरतनी चाहिए। मास्क और दो गज दूरी बेहद जरूरी है। - अरूण त्यागी
बेवजह घर से न निकलें
ऐसा मंजर कभी नहीं देखा जब इतने कम समय में इतनी मौतें हुईं हों। कोरोना कर्फ्यू में भी लोग बेवजह सड़कों पर निकल रहे हैं। इस पर सख्ती होनी चाहिए। -संजय अग्रवाल।
जांच में न करें देरी
बुखार, जुकाम या खांसी होने पर तुरंत जांच कराएं और चिकित्सक के परामर्श से ही दवाएं लें। स्वास्थ्य विभाग मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करा रहा है।
रेखा शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी