तीन फ्लैट खंगाल चोरों ने लाखों का माल उड़ाया
गाजियाबाद। कविनगर के बाद चोरों ने सिहानी गेट थाना क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। राजनगर एक्सटेंशन की प्लेटिनम सोसायटी में चोरों ने सोमवार रात तीन फ्लैट के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त तीनों परिवार घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
प्लेटिनम सोसायटी में रहने वाले विशाल सारण, नलिन रस्तोगी और मनीष गोनी ने इस संबंध में सिहानी गेट थाने में संयुक्त एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह फ्लैट संख्या ए-912, 1002 व 706 में रहते हैं। 16 नवंबर को वह तीनों परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी बीच सुबह साढ़े 9 से 12 बजे के बीच चोरों ने उनके फ्लैट पर धावा बोल दिया। वापस आने पर पर देखा तो फ्लैट के ताले टूट ेपड़े थे, जबकि सामान बिखरा हुआ था। तीनों पीड़ितों के मुताबिक चोर उनके फ्लैट से लाखों रुपये के जेवर, नकदी व अन्य सामान चोरी करके ले गए। सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।