फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमानवीय : महज 20 रुपये की चोरी के शक में दुकानदार ने बच्ची को रस्सी से बांधकर पीटा

Fri, 22 Oct 2021 06:31 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद(गढ़मुक्तेश्वर)

सार

ग्रामीणों की भीड़ के सामने बच्ची को काफी देर तक प्रताड़ित किया गया। बच्ची रोती रही, गिड़गिड़ाती रही और खोले जाने की गुहार लगाती रही। भीड़ में शामिल कुछ लोग भी बच्ची के हाथ खोले जाने की बात कहते रहे, लेकिन दुकानदार ने एक नहीं सुनी। काफी देर तक उसे बुग्गी से बांधकर रखा गया। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गढ़मुक्तेश्वर में महज 20 रुपये की चोरी के शक में मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव के एक दुकानदार ने सात साल की बच्ची के साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी। पहले बच्ची का हाथ और पांव बांधा, फिर एक बुग्गी से बांधकर पीटा गया। बच्ची रोती बिलखती रही, छोड़ने की मनुहार करती रही, लेकिन दुकानदार का दिल नहीं पसीजा। रही-सही कसर पुलिस ने पूरी कर दी। इस घटना में उसे पहले सिर्फ शांति भंग दिखी। सोशल मीडिया पर प्रताड़ना का वीडियो वायरल होने के बाद उच्च अधिकारियों ने आदेश दिया, तब जाकर शाम को धाराएं बदली गईं।  

विज्ञापन


गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर निवासी बच्ची बुधवार शाम सात बजे गांव के ही राकेश की दुकान पर समोसा लेने के लिए गई थी। इस दौरान राकेश को बच्ची पर शक हुआ कि उसने बीस रुपये चोरी कर लिए हैं। इसके बाद राकेश ने बच्ची के हाथ-पांव रस्सी से बांधते हुए उसे बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की गई।

ग्रामीणों की भीड़ के सामने बच्ची को काफी देर तक प्रताड़ित किया गया। बच्ची रोती रही, गिड़गिड़ाती रही और खोले जाने की गुहार लगाती रही। भीड़ में शामिल कुछ लोग भी बच्ची के हाथ खोले जाने की बात कहते रहे, लेकिन दुकानदार ने एक नहीं सुनी। काफी देर तक उसे बुग्गी से बांधकर रखा गया। 
विज्ञापन


इस दौरान आरोपी दुकानदार के एक साथी ने पूरे मामले का वीडियो भी बना दिया। कुछ ग्रामीणों की गुहार के बाद आरोपी ने बच्ची को छोड़ा। रोती हुई घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई। दुकानदार का विरोध करने के लिए परिजन पहुंचे तो आरोपी ने उल्टा उन्हें ही धमकाते हुए 112 पर फोन कर पुलिस से चोरी की शिकायत कर दी। गांव पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को सुबह थाने आने की बात कहकर लौट गई। 

पुलिस की हुई फजीहत, वीडियो बनाने वाले पर भी किया मुकदमा
बच्ची को प्रताड़ित करने का पूरा मामला बृहस्पतिवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद बहादुरगढ़ पुलिस हरकत में तो आई, लेकिन दुकानदार के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित पक्ष को भी समझा बुझाकर शांत करा दिया। वायरल वीडियो उच्च अधिकारियों तक भी पहुंचा। इस पर एसपी ने फटकार लगाई। इसके बाद आरोपी राकेश और वीडियो बनाकर उसे वायरल करने वाले महेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महेश अभी फरार है। 

बच्ची के साथ हुई घटना संज्ञान में आने के बाद बहादुरगढ़ पुलिस की ओर से संबंधित धाराओं में दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक फरार आरोपी को पुलिस तलाश रही है। - दीपक भूकर, एसपी, हापुड़।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें