हज हाउस को जमीन देने के बाद से उठ रही कांवड़ियों के लिए ‘स्टे हाउस’ बनाने की मांग नगर निगम जल्द ही पूरी करेगा। निगम अर्थला के सामने खाली पड़ी 8125 वर्ग मीटर जमीन पर कांवड़ियों और कैलाश मानसरोवर यात्रियों के लिए स्थल बनाएगा। संपत्ति विभाग की ओर से चिह्नित की गई जमीन का सोमवार को महापौर अशु वर्मा और नगर आयुक्त अब्दुल समद ने निरीक्षण किया।
उन्होंने इस पर अपनी सहमति दे दी है। अब 29 अगस्त को संयुक्त पैमाइश कर इस जमीन की बाउंड्रीवाल कराने का काम शुरू किया जाएगा। इसमें कांवड़ियों के ठहरने के लिए टीन शेड, टॉयलेट्स बनाए जाएंगे।
बीते महीने हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में हज हाउस की पार्किंग के लिए जमीन देने का प्रस्ताव पास करने के दौरान पार्षदों ने शहर में कांवड़ियों और कैलाश मानसरोवर यात्रियों के लिए भी रुकने का
स्थान (स्टे हाउस) बनाने की मांग की थी। निगम बोर्ड ने इस प्रस्ताव को सहमति दे दी थी। निगम की प्राथमिकता यह स्टे हाउस मेरठ रोड पर बनाने की थी, लेकिन जमीन न मिलने के कारण यह अर्थला में बनाया जाना तय किया गया है। इसी रूट से कांवड़िया दिल्ली, राजस्थान की ओर जाते हैं।
सोमवार दोपहर महापौर अशु वर्मा, नगर आयुक्त अब्दुल समद, कार्यकारिणी समिति उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी, पार्षद अजय शर्मा, पूर्व पार्षद राजीव शर्मा ने जमीन का निरीक्षण किया। महापौर ने बताया कि स्टे हाउस के लिए जमीन फाइनल कर दी गई है। अब 29 अगस्त को ज्वाइंट पैमाइश के बाद इस पर काम शुरू कराया जाएगा।