गाजियाबाद। वेव सिटी क्षेत्र के डासना में अपने मामा के घर आई 26 वर्षीय आफरीन रविवार दोपहर को बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिली। बाथरूम में गैस गीजर लगा हुआ था। ऑक्सीजन की कमी होने की वजह से यह हादसा होना बताया जा रहा है। आफरीन की दो महीने बाद शादी तय थी।
रविवार दोपहर को आफरीन नहाने के लिए बाथरूम में गईं थीं। काफी देर तक जब आफरीन बाहर नहीं आई तो मां ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद घर वालों को बुलाया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर आफरीन को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि उस्मान की बेटी आफरीन जाफराबाद से दो दिन पहले अपनी मां के साथ डासना में मामा सलीम के यहां आई थीं।
आशंका है कि बाथरूम में गैस गीजर लगा होने से दम घुटने के कारण मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। पूछताछ में परिजनों ने बताया है कि आफरीन पूरी तरह स्वस्थ थी। उनका कहीं से कोई उपचार भी नहीं चल रहा था। ऑक्सीजन की कमी से आफरीन की मौत होने की आशंका लग रही है।