ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर महिला से 20.57 लाख ठगे
इंदिरापुरम। नीति खंड निवासी मोहिता को ऑनलाइन नौकरी दिलाने का झांसा देकर शातिर ठगों ने 20.57 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि शातिरों ने उन्हें रोजाना 4 से 8 हजार रुपये कमाने का लालच दिया। योजना के तहत ठगों ने उनके खाते में 28 लाख रुपये की रकम दिखाकर उनका खाता फ्रीज करा दिया। उन्होंने फोन नंबर के आधार पर इंदिरापुरम थाने में ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उन्होंने बताया कि कोविड के बाद उनके पास कोई नौकरी नहीं थी। वह ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रही थीं। अक्तूबर 2021 में उनके पास ऑनलाइन जॉब करने के लिए एक लिंक व मेसेज आया। मोहिता ने मेसेज करने वाले से संपर्क किया, जिसके बाद ठग ने एक कंपनी की साइट पर पंजीकरण करा लिया। पीड़िता ने निवेश करते हुए ऑनलाइन काम शुरू कर दिया। ठग ने अक्तूबर 2021 से लेकर जनवरी 2022 में करीब 20.57 लाख रुपये ठग लिए। जब उन्हें खुद के साथ ठगी होने का पता चला तो होश उड़ गए। उस समय खाते में करीब 28 लाख रुपये की धनराशि थी। उनका कहना है कि निवेश के लिए उन्होंने पुरानी नौकरी की जमा पूंजी के अलावा अन्य माध्यमों से धनराशि जुटाई। पीड़िता ने अपने गहने बेचकर भी कंपनी में निवेश कर दिया। ठगी के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहती हैं। उन्होंने साइबर सेल को शिकायत देकर ठगों को पकड़ने की मांग की। साइबर सेल के नोडल अधिकारी अभय कुमार मिश्रा का कहना है कि ठगों को पकड़ने के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है। टीम ने कुछ महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त किए हैं, उन पर काम चल रहा है।