कपड़ा व्यापारी और कर्मियों को बंधक बना 12 लाख रुपये लूटे
लोनी। क्षेत्र की इकराम नगर कॉलोनी में मंगलवार शाम तीन बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी आसिफ और उसके दुकान के कर्मियों को बंधक बनाकर तमंचे के बल पर 12 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक लेकर मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। लूट की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
मूल रूप से सराय के रहने वाले आसिफ इकराम नगर कॉलोनी में रहते हैं। घर के नीचे उनकी थोक के कपड़े की दुकान है। उनकी दुकान पर अजीम, आमिर और तीन अन्य लड़के काम करते हैं। मंगलवार शाम एक बाइक पर तीन बदमाश आए। दो बदमाशों ने हेलमेट और एक ने कपड़े से मुंह ढंक रखा था। बदमाश दुकान के बाहर खड़े एक कर्मचारी को हथियार के बल पर अंदर ले गए। दुकान के काउंटर पर बैठे आसिफ पर बदमाशों ने हथियार तान दिए। दुकान के अंदर कमरे में काम कर रहे तीन युवकों को बदमाशों ने अंदर बंद कर दिया और दरवाजे की कुंडी लगा दी। दुकान पर खड़े एक ग्राहक अजीम और आमिर को बदमाशों ने हथियार दिखाकर नीचे बिठा दिया। इस दौरान तीसरा बदमाश गल्ले से पैसे निकाल कर बैग में डालने लगा। बदमाश गल्ले में रखे करीब 12 लाख रुपये लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने आसपास के लोगों को और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। लूट की सूचना पर लोनी सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।