ऑनलाइन मंगाया 30 हजार का
फोन, पैकेट में निकला साबुन
इंदिरापुरम। अहिंसाखंड-2 की निराला ईडन पार्क सोसायटी निवासी जयंत भट्टाचार्य ने ऑनलाइन 30 हजार रुपये का फोन मंगाया, लेकिन जब डिलीवरी ब्वॉय पैकेट लेकर आया तो उसमें कपड़े धोने की साबुन निकला। जयंत ने ई-कॉमर्स कंपनी को ई-मेल से शिकायत की। एसपी क्राइम के निर्देश पर साइबर सेल द्वारा जांच के बाद इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
निराला ईडन पार्क निवासी जयंत भट्टाचार्य ने 14 नवंबर को ऑनलाइन शॉपिंग साइट से 30 हजार रुपये का एक फोन बुक किया था। प्रतिमाह 2707 रुपये के किस्तों पर क्रेडिट कार्ड से यह फोन ऑडर किया गया था। 15 नवंबर को कंपनी की ओर से जयंत को डिलीवरी के लिए मेसेज आया, लेकिन अगले ही दिन एजेंट ने फोन कर कहा कि वह उस दिन डिलीवरी नहीं कर सकता है। 16 नवंबर को उनके पास डिलीवरी ब्वॉय पैकेट लेकर आया और वह ओटीपी पूछकर लौट गया। उन्होंने पैकेट खोला तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि पैकेट से मोबाइल की जगह पांच रुपये वाला साबुन निकला। उन्होंने तत्काल ई-कॉमर्स साइट पर एग्जीक्यूटिव को फोन कर शिकायत की।
सील खुली होने पर हुआ शक, बना ली थी वीडियो
जयंत ने बताया कि जब डिलीवरी ब्वॉय पैकेट देकर आया तो उसकी सील कुछ खुली हुई थी। इसलिए उन्होंने जब घर में पैकेट खोला तो पत्नी ने वीडियो बना लिया। यही जालसाजी के खिलाफ सबसे बड़ा सुबूत बना। उन्होंने कंपनी में शिकायत की, लेकिन तीन दिन बाद कंपनी ने रिप्लेसमेंट या रिफंड देने से मना कर दिया। उनका तर्क था कि कस्टमर को सील्ड पैकेट के साथ ऑर्डर डिलीवर किया गया है। इसके बाद जयंत को इंदिरापुरम थाने से साइबर सेल भेज दिया गया। वहां भी पुलिसकर्मियों ने कंपनी और जयंत के बीच का विवाद बताकर कोर्ट जाने के लिए कहा गया। उनका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत नहीं सुनी। तीन-चार चक्कर काटने के बाद जयंत एसपी क्राइम से मिल सके। एसपी के निर्देश पर साइबर सेल की जांच के बाद इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। साइबर सेल प्रभारी एवं इंदिरापुरम सीओ अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि कंपनी प्रबंधन से जल्द ही जानकारी ली जाएगी।