कनेक्शन काटने गए विद्युतकर्मियों से अभद्रता, जान से मारने की धमकी
गाजियाबाद। अटौर गांव में बकाएदारों के यहां चेकिंग करने गई टीम के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता, गाली-गलौंज की व जान से मारने की धमकी दी। विद्युत निगम की टीम ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अटौर बिजलीघर के जेई अमित कुमार कटियार ने बताया कि शनिवार को वह 10 हजार रुपये से अधिक के बकाएदारों का कनेक्शन काटने का अभियान चला रहे थे। अटौर व मथुरापुर बिजलीघर की टीम के साथ अटौर गांव पहुंचे। दीपक शर्मा का मीटर चेक कर रहे थे कि गांव का ही हरेंद्र शर्मा आया और जेई से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि हरेंद्र ने विद्युत विभाग की टीम के गांव में घुसने पर जान से मारने की धमकी देते हुए काम रुकवा दिया। बदतमीजी बढ़ती देख जेई ने 100 नंबर पर कॉल की तो पुलिस पहुंची। पुलिस के साथ दीपक के घर की जांच की गई। जेई का आरोप है कि दीपक दूसरी केबल डालकर विद्युत चोरी कर रहा था। मामले में उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के साथ ही थाने में तहरीर भी दी। सिहानीगेट थाना प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि दीपक व हरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।