2500 बिजली के कनेक्शन टेंडर के फेर में फंसे
गाजियाबाद। झटपट बिजली कनेक्शन देने के विद्युत निगम के दावे फेल साबित हो रहे हैं। विभाग के पास पिछले करीब 20 दिन से सिंगल फेस मीटर खत्म हो गए हैं। बताया जा रहा है कि एमडी कार्यालय मेरठ से मीटर के टेंडर रुके हुए हैं। ऐसे में करीब 2500 नए कनेक्शन टेंडर के फेर में फंसे हुए हैं और घर रोशन करने के लिए उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है।
एक किलोवाट से चार किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए विभाग सिंगल फेस मीटर लगाता है। विद्युत निगम के मीटर स्टोर में सिंगल फेस मीटर की किल्लत बनी हुई है। बीते 20 दिन से मीटर खत्म होने से उपभोक्ताओं को अधिकारी आजकल कहकर टरका रहे हैं। जिले में औसतन 50 नए कनेक्शन प्रतिदिन होते हैं। लगातार चली आ रही किल्लत के बीच नए घर में प्रवेश करने वाले उपभोक्ता अपने घर को रोशन नहीं कर सके हैं।
केस-1
कविनगर निवासी अर्पित बंसल ने बताया कि चार किलोवाट कनेक्शन के लिए 15 दिन पहले प्रक्रिया पूरी कर दी है। फीस और सभी जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद भी मीटर नहीं लग सका है। उन्होंने बताया कि बिजलीघर पर मीटर न होने की बात कही जा रही है।
केस-2
मधुवन बापूधाम में प्रवीन कुमार राणा ने नया फ्लैट लिया है। उन्होंने बताया कि करीब 20 दिन पहले फीस जमा की गई लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं मिल सका है। दो किलोवाट के कनेक्शन के लिए सभी जरूरी दस्तावेज जमा किए हैं। बिजली न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पुराने मीटर बदलने में भी दो महीने का लग रहा है वक्त
नए कनेक्शन के अलावा उन उपभोक्ताओं को भी मीटर खत्म होने से दिक्कत झेलनी पड़ रही है, जिनके मीटर खराब हो गए हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक ऐसे उपभोक्ताओं को दो से तीन महीने का वक्त मीटर बदलवाने में लग रहा है। परेशान उपभोक्ता सोशल मीडिया पर भी शिकायत कर रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं की जा रही है।
बुधवार तक आ जाएंगे मीटर :
मीटर के लिए मुख्यालय को बताया गया है। बीच में चुनाव कारणों से मीटर की उपलब्धता में देरी हुई है। बुधवार तक विभाग को मीटर मिल जाएंगे। इसके बाद प्राथमिकता पर नए कनेक्शन वालों के मीटर लगवाए जाएंगे।
- एसके पुरवार, मुख्य अभियंता
विद्युत निगम