मतदान से लगा रहे हार जीत का अनुमान
गाजियाबाद। जिस तेजी से नेता घर बदलते हैं, उसी तेजी से इस बार मतदाताओं ने भी घर बदला लेकिन जाहिर नहीं होने दिया। कैडर वोटरों को छोड़ दे तो अन्य वोटरों ने अपनी मुट्ठी मतदान के दिन तक बंद ही रखी। नेताओं के टटोलने पर भी उन्होंने न तो खुलकर किसी का समर्थन किया, न ही साफ-साफ मंशा जाहिर होने दी। अब मुस्लिम, एससी, जाट, ब्राह्मण, वैश्य समेत बिरादरियों की बहुलता वाले बूथों पर हुए मतदान के आंकड़ों के आधार पर राजनीतिक दल और प्रत्याशी जीत-हार का अनुमान लगा रहे हैं।
जिले में हर विधानसभा सीट पर बिरादरियों का गणित अलग-अलग है। यहां जीत और हार के समीकरण भी जुदा है। शहरी मतदाताओं की संख्या ज्यादा होने की वजह से गाजियाबाद और साहिबाबाद विधानसभा सीट पर विकास कार्यों के साथ-साथ जीतने का फार्मूला बिरादरी और कैडर वोट को ही माना जा रहा है। मुरादनगर विधानसभा सीट पर शहरी और ग्रामीण दोनों मतदाता है। ऐसे में सबसे ज्यादा पेचीदगी वाली सीट भी यही मानी जा रही है। यहां शहरी मतदाताओं में विकास, कानून व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि बिल को लेकर हुए किसान आंदोलन का मुद्दा भी हावी रहा। पूरी तरह अधिकांश देहात क्षेत्र वाली मोदीनगर और लोनी क्षेत्र में किसान आंदोलन सबसे ज्यादा हावी दिखा। विकास, कानून व्यवस्था और बिरादरी का फार्मूला यहां उतना नहीं चला, जितनी उम्मीद की जा रही थी। कुल मिलाकर जिले में इस बार राजनीतिक दल सभी सीटों पर जीत का दावा तो कर रहे हैं, लेकिन भीतर से संशय में भी दिखाई दे रहे हैं।
-----
किसी को वोटों के बंटवारे में तो किसी को गठजोड़ में दिख रहा विनिंग फार्मूला
राजनीतिक दलों की नजरें ऐसे क्षेत्रों के बूथों पर हुए मतदान पर टिकी है, जहां वोटों का आंकड़ा उनकी हार-जीत का संकेत दे देते हैं। मुस्लिम बहुल क्षेत्र में वोटों के बंटवारे से एक राजनीतिक दल को अपनी जीत दिखाई दे रही है तो दूसरे दल को हार। इसी तरह अनुसूचित वर्ग वाले क्षेत्र, जाट बहुल क्षेत्रों में भी प्रत्याशियों को बंटवारे और एकजुटता में अलग-अलग परिणाम नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि मतदान के बाद बूथों पर वोटिंग के आंकड़ों का प्रत्याशी और राजनीतिक दलों के संगठन की ओर से मंथन किया जा रहा है।
----
गाजियाबाद विधानसभा के कुछ बूथ का हाल
बूथ कुल वोट वोट डाले गए
अकबरपुर-बहरामपुर 1061 544
अकबरपुर-बहरामपुर 795 451
संदीप गार्डन भाग एक 941 542
बौद्ध विहार भाग एक 1236 597
बौद्ध विहार भाग दो 760 419
बौद्ध विहार 1198 607
प्रताप विहार के दो बूथ 1696 960
विजयनगर एच ब्लॉक 1059 429
अब्दुल हमीद कॉलोनी 4 बूथ 2952 1313
कैला भट्ठा भाग एक 823 383
कैला भट्ठा भाग एक दूसरा पार्ट 843 385
कैला भट्ठा भाग दो 1172 608
कैला भट्ठा भाग तीन 906 637
कैला भट्ठा भाग चार 1156 505
-----
मोदीनगर विधानसभा सीट के कुछ बूथ का हाल
क्षेत्र कुल वोट वोट डाले
प्राइमरी स्कूल मटोर 1051 605
प्राइमरी स्कूल खिंदौड़ा 709 454
प्राइमरी स्कूल खिंदौड़ा 704 464
नवजीवन स्कूल भनेड़ा 1129 672
नवजीवन स्कूल भनेड़ा 1121 652
प्राइमरी स्कूल पूठरी 856 663
प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर 485 393
प्राइमरी स्कूल सिखैड़ा 973 736
प्राइमरी स्कूल पैंगा 1062 700
प्राइमरी स्कूल पैंगा 788 446