आठ महीने बाद मिले कोरोना के 31 संक्रमित
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले अब तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 31 नए संक्रमित मिले। इनमें चार छात्र और तीन शिक्षक शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जा रही है। पिछले साल भी 31 दिसंबर को जिले में 43 संक्रमित मिले थे।
दिसंबर में अब तक 154 संक्रमित मिले हैं। फिलहाल 111 सक्रिय संक्रमितों का इलाज होम आइसोलेश्न में चल रहा है। शुक्रवार को ही छह संक्रमित होम आइसोलशन में स्वस्थ हुए और उनकी दूसरी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। इससे पहले मई में एक दिन में इतनी संख्या में कोरोना संक्रमित मिले थे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि सभी संक्रमित पहले कोरोना संक्रमिताें के संपर्क में आए थे। इनके परिजनों और संपर्क में आने वालों की जांच करवाई जा रही है।
ट्रांस हिंडन से सबसे अधिक मरीज
शुक्रवार को मिले 31 संक्रमितों में ट्रांस हिंडन क्षेत्र के संक्रमितों की संख्या अधिक है। इनमें नोएडा में जॉब करने वाले, दिल्ली के स्कूल के शिक्षक भी शामिल हैं। इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी और राजनगर एक्सटेंशन में ऐसे संक्रमित मिले हैं, जो दिल्ली में नौकरी के लिए जाते हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले 10 से 15 दिनों में संक्रमण बढ़ सकता है।
जिले में अब तक 55836 हुए संक्रमित :
31 दिसंबर 2020 तक जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 26031 थी, जो इस साल बढ़कर 55836 पर पहुंच गई है। इनमें से 55261 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। अब तक 19370 संक्रमित अस्पताल से और 35891 होम आइसोलेशन में स्वस्थ हुए हैं।