पांच इलाकों से लगातार
मिल रहे कोरोना संक्रमित
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दर 15 दिनों में दोगुनी हो गई है। शहर में पांच इलाके ऐसे हैं, जहां से कोरोना के मरीज लगातार मिल रहे हैं। इंदिरापुरम के अलावा वसुंधरा, नेहरूनगर, कविनगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक से लगातार मरीज सामने आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिले में 14 नए संक्रमित मिले। इनमें पांच महिलाएं और एक किशोर भी हैं। 15 दिसंबर को संक्रमण की दर 0.04 थी, जो अब बढ़कर 0.08 पर पहुंच गई है।
इंदिरापुरम से अब तक 21 संक्रमित मिल चुके हैं। दिसंबर में अब तक मिले 123 संक्रमितों में से 86 मरीजों का होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है, जबकि चार मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। बृहस्पतिवार को मिले संक्रमितों में बेल्जियम से लौटा युवक और तीन छात्र शामिल हैं। इनमें वैशाली से 32 वर्षीय युवक, संजयनगर से 36 वर्षीय महिला, नेहरूनगर थर्ड एम-ब्लॉक से 28 वर्षीय युवक, राजेंद्रनगर से 34 वर्षीय महिला, वेरॉन टावर महागुन मिशन से 57 वर्षीय पुरुष, ऑफिसर्स सिटी राजेंद्रनगर से 32 वर्षीय युवक, जो हाल ही में बेल्जियम से लौटा था, गोवर्धन अपार्टमेंट कौशांबी से 33 वर्षीय महिला, नीलकंठ अपार्टमेंट से 33 वर्षीय युवक ने सिरदर्द की शिकायत पर कोरोना की जांच कराई, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रामप्रस्थ प्लेटिनम से 47 वर्षीय महिला, गौड़ कास्केड से 29 वर्षीय युवती, श्रद्घा अपार्टमेंट से 47 वर्षीय पुरुष, आईडीएसटी डेंटल कॉलेज से 31 वर्षीय युवक, कविनगर एल ब्लॉक से 33 वर्षीय युवक, कविनगर ए ब्लॉक से 84 वर्षीय बुजुर्ग और राधाकुंज नंदग्राम से 14 वर्षीय किशोर शामिल है। बुखार होने पर किशोर की आरटीपीसीआर जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे हैं। बृहस्पतिवार को एक मरीज होम आइसोलेशन में स्वस्थ हुआ जबकि एक संक्रमित को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी गई। दिसंबर में ट्रांस हिंडन में 47 मरीज मिल चुके हैं। सबसे अधिक इंदिरापुरम में अब तक 21 मरीज मिल चुके हैं।
ओपीडी में आया मरीज, निकला संक्रमित
एमएमजी अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को बुखार का इलाज कराने पहुंचा युवक कोरोना संक्रमित निकला। विजयनगर से पहुंचे युवक को चिकित्सक ने बुखार होने पर कोरोना की जांच कराने के लिए कहा। एंटीजन जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। बताया गया कि युवक काफी देर ओपीडी की लाइन में भी लगा रहा।
कोविड नियमों का नहीं हो रहा है पालन
सार्वजनिक स्थानों पर कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। भाटिया मोड़ स्थित आधार केंद्र पर लगी भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग भी गायब दिखी। संक्रमण की परवाह किए बिना लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
संक्रमितों की हो रही निगरानी
बृहस्पतिवार को 14 नए संक्रमित मिले हैं। होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे सक्रिय मरीजों के लिए रैपिड रेस्पांस टीमों को लगाया गया है। जांच बूथों की संख्या को भी बढ़ाया जा रहा है। संक्रमितों का हालचाल प्रत्येक दिन लिया जा रहा है।
- डॉ. आरके गुप्ता, जिला सर्विलांस अधिकारी
इन पांच इलाकों में मिल रहे संक्रमित
क्षेत्र 26 दिसंबर 27 दिसंबर 28 दिसंबर 29 दिसंबर
कविनगर 01 00 01 01
इंदिरापुरम 03 01 00 03
नेहरूनगर 01 04 00 00
वसुंधरा 01 01 02 00
क्रॉसिंग रिपब्लिक 04 01 00 00
किशोरों के लिए अलग बनेंगे टीकाकरण केंद्र
तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष की आयु वाले किशोरों के टीकाकरण के लिए अलग से केंद्र बनाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि शासन से इसको लेकर लक्ष्य मिलना है। जिले में ढाई से तीन लाख का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग अनुमान लगाकर चल रहा है। इनके पंजीकरण एक जनवरी से ऑनलाइन और ऑफलाइल होंगे। इसके अलावा स्कूल और घरों में भी टीकाकरण के लिए व्यवस्था की जा रही है। टीकाकरण केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल के तहत एंबुलेंस और निगरानी कक्ष की व्यवस्था होगी, जहां किशोरों को 45 मिनट तक रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि कोवॉक्सिन की डोज किशोरों को दी जाएगी, जो पूरी तरह से सुरक्षित हैं। अभी किशोर और किशोरियों के लिए अलग-अलग टीकाकरण केंद्र बनाने जैसी योजना नहीं है।