जन विश्वास यात्रा का हुआ स्वागत, रोड शो में दिखा जोश
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की जन विश्वास यात्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। पांचों विधानसभाओं से होकर गुजरी यात्रा का स्थानीय विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 150 स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मेरठ के मोहिउद्दीनपुर होते हुए यात्रा ने सुबह 11 बजे मोदीनगर के कादराबाद में प्रवेश किया। यात्रा को मोदीनगर से मुरादनगर के हंस इंटर कॉलेज तक पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए। फिर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सबसे पहले मुरादनगर, फिर साहिबाबाद और फिर लोनी की जनसभा को संबोधित कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। आखिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो ने पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना कर दिया।
योगी के रथ पर ये रहे सवार
योगी के रोड शो में रथ पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद वीके सिंह, विधायक अतुल गर्ग और क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल मौजूद रहे। इनके अलावा जनसभा के मंच पर महापौर आशा शर्मा, भाजपा विधायक सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, एमएलसी दिनेश गोयल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, अमित वाल्मीकि मौजूद रहे। विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल, महानगर मंत्री गुंजन शर्मा, महामंत्री पप्पू पहलवान, राजेश त्यागी, सरदार एसपी सिंह, भाजपा नेता अमरीश त्यागी, क्षेत्रीय संयोजक मीडिया संपर्क विभाग अमित त्यागी, महानगर मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, प्रिंस राठौर भी मौजूद रहे।
भीड़ में सामाजिक दूरी और मास्क के नियम तार-तार
मुख्यमंत्री के रोड शो से पहले जहां महापौर आशा शर्मा कार्यकर्ताओं और लोगों को सामाजिक दूसरी और मास्क का इस्तेमाल करने का पाठ पढ़ाते दिखाई दीं। दूसरी ओर रोड शो में भीड़ बढ़ने के साथ सभी नियम एकाएक धराशाई हो गए। अधिकांश लोग बगैर मास्क के नजर आए। वहीं हजारों की भीड़ के चलते सामाजिक दूरी का नियम लागू नहीं हो सका।